
कुल्लू। देश में जब-जब कांग्रेस की सरकार आई है महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को बढ़ावा मिला है। यह कहना है कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील ठाकुर का। वीरवार को कुल्लू में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार और प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने हमेशा युवाओं के साथ खिलवाड़ किया है। भाजयुमो ने प्रदेश में कांग्रेस सरकार की नाकामियों का उगाजर करने का बीड़ा उठाया है। इसी कारण भाजयुमो ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के निर्देश पर प्रदेश में जन जन को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है। इसके लिए युवा मोर्चा प्रदेश में हर बूथ पर दो दर्जन सदस्यों की फौज खड़ी करेगा। ये युवा अपने बूथ पर लोगों को कांग्रेस सरकार की नाकामियों और भाजपा की उपलब्धियां बताएंगे। इस दौरान सुनील ठाकुर ने केंद्र की यूपीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार देश की सुरक्षा में असफल हो रही है। लद्दाख में भारतीय बंकरों को चीनी सेना की ओर से तोड़ा जाना बड़ी दुर्भाग्य पूर्ण स्थिति हैं। उन्होंने कहा कि रोहतांग टनल अटल बिहारी वाजपेयी की देन है, लेकिन कांग्रेस इसके काम को भी सही तरीके से नहीं करवा पा रही हैं। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी महेश चौहान, प्रदेश महामंत्री महेंद्र ठाकुर, विषय ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता करणनंदा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिगंबर राणा, हेमराज शर्मा, प्रदेश सह प्रभारी बलदेव, प्रदेश सचिव महेश सपहिया, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र शौरी, जिला महामंत्री आर्यन सूद, जिला प्रेस सचिव मेहर चंद ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष मनु ठाकुर, जिला सचिव रुचिन चौहान आदि उपस्थित थे।
