
ऊना। जिला मुख्यालय स्थित टक्का रोड निवासी महिला सीमा सैणी पत्नी राजेंद्र सैणी के सिर पर रॉड मार कर गंभीर रूप से घायल किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है, जबकि दोनों आरोपियों में से एक को पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले से गिरफ्तार भी कर लिया गया है। दूसरा आरोपी चंडीगढ़ के समीप जीरकपुर का बताया गया है, जिसकी तलाश पुलिस ने आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नौ जुलाई को टक्का रोड निवासी सीमा सैणी के घर में घुस कर दो युवकों ने उनके सिर पर रॉड से वार कर घायल करने के अतिरिक्त उनके सोने के जेवरात भी लूट लिए थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी युवकों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम का गठन किया था। इसमें डीएसपी मुनीष डढवाल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हरजीत सिंह, मुख्य आरक्षी अजायब सिंह, आरक्षी पुरुषोत्तम लाल व आरक्षी हरमेश सिंह को शामिल किया गया था। दोनों आरोपियों में से एक सुरेंद्र राणा पुत्र तरसेम सिंह निवासी बस्बलौर जिला मुकंदपुर पंजाब को गांव संधोल जिला फतेहगढ़ साहिब पंजाब से पकड़ा गया है। उसी के पास से वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई कार और रॉड को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि दूसरा आरोपी बलविंद्र सिंह निवासी जीरकपुर अभी पुलिस की पहुंच से बाहर है। एसपी केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया जाएगा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हमलावरों में से फरार चल रहे युवक ने लगभग दो वर्ष पूर्व पीड़ित महिला सीमा सैणी के पति को विदेश जाने के लिए लगभग दो लाख रुपये दिए थे, लेकिन काम न होने के चलते दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। इन्हीं युवकों ने कुछ दिन पूर्व भी राजेंद्र सैणी के घर में घुस कर हंगामा करने के अतिरिक्त उनके नौकर से मारपीट की थी।
महिला पर जानलेवा हमला करने के आरोप में दबोचे गए युवक सुरेंद्र राणा को अदालत ने 16 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। वीरवार सायं युवक को पुलिस टीम ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। एसपी केसी शर्मा ने बताया कि आरोपी युवक से महिला के लुटे गए गहनों में से एक चेन, एक अंगूठी और एक कान का बाली बरामद कर ली गई है, जबकि एक अन्य अंगूठी और एक कान की बाली फरार चल रहे आरोपी के पास होने का अनुमान है। उसकी धरपकड़ को पुलिस टीमें पंजाब रवाना हो चुकी हैं।
