
जुब्बल (शिमला)। सेब ढुलाई के भाड़े में पंद्रह फीसदी बढ़ोतरी करने पर भाजपा मंडल जुब्बल कोटखाई भड़क गया है। भाजपा मंडल ने सरकार के इस निर्णय को बागवानी विरोधी करार दिया है। भाजपा मंडल जुब्बल कोटखाई के अध्यक्ष लायक राम चौहान, मंडल महामंत्री गोपाल जबैईक, उमेश शर्मा, उपाध्यक्ष चेत राम आजाद, ओंकार तेगटा, इंद्र चौहान, प्रताप चौहान, कोषाध्यक्ष सुंदर डोगरा, प्रवक्ता राकेश शर्मा, सचिव रेखा चौहान, विजयलक्ष्मी, रजनी सलाकटा, रीता चौहान, छोटू चौहान, प्रमोद चौहान, कार्यालय सचिव, लीलाधर संदीप दीपटा, भाजयुमो अध्यक्ष अशोक जस्टा, किसान मोर्चा अध्यक्ष राम प्रकाश जगीथटा ने कांग्रेस सरकार पर लगातार बागवानी विरोधी फैसले लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि सेब ढुलाई की दरों में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी गई है। साथ ही खाली पेटियों और ट्रे के दामों में भी भारी बढ़ोतरी की गई है। सेब पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले सामान के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। इससे बागवानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। विदेशी सेब का आयात तेजी से हो रहा है, जिससे हिमाचली सेब को उचित दाम नहीं मिल रहा है। बागवानों के हितों की अनदेखी कर न तो कांग्रेस सरकार विदेशी सेबों पर आयात शुल्क बढ़ाने को लेकर कोई उपयोगी कदम उठा रही है और न ही बागवानों को अनुदान पर दवाइयां उपलब्ध करवा पा रही है। अब सेब ढुलाई की दरों में तथा सेब पैकिंग के सामान में बढ़ोतरी कर बागवानों पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर बागवानों की अनदेखी चलती रही तो भाजपा कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी।
