
सांगला (किन्नौर)। 15 और 16 जून को भारी बारिश से बंद सड़कों, राशन की कमी और रसोई गैस जैसे अन्य मुद्दों को लेकर सांगला संघर्ष समिति ने भाजपा के साथ मिल कर सांगला में विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, प्रदेश सरकार और किन्नौर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल और उपायुक्त को ज्ञापन भेजा।
वीरवार को लोगों ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से सांगला बाजार होते हुए रावमापा तक एक विशाल रैली निकाली और सांगला क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बहाल करने की मांग की। लोगों ने 18 किमी कड़छम-सांगला लिंक सड़क को जल्द बहाल करने, प्रभावित क्षेत्र सांगला वैली के सभी सात राशन डिपुओं में राशन मुहैया करवाने, मिट्टी तेल, रसोई गैस, पेट्रोल तथा डीजल मुहैया करवाने की मांग की। वहीं, इस साल सर्दी के मौसम में भारी बर्फबारी में नकदी फसल सेब के पौधों को हुए नुकसान, मकानों को हुए नुकसान का भी जल्द मुआवजा देने की जोरदार मांग की है। इधर, जन प्रतिनिधियों सहित पूर्व भाजपा विधायक तेजवंत नेगी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार सांगला में भेदभाव के चलते काम कर रही है। यही कारण है कि बारिश के एक माह बाद भी सांगला पटरी पर नहीं लौट पाया है। इस अवसर पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद नेगी, उपाध्यक्ष बीरबल नेगी, महामंत्री प्रविंद्र नेगी, सचिव भरत नेगी, जोगिंद्र चांकुम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष साहिब सिंह नेगी, पूर्व जिप अध्यक्ष चंद्रमणी नेगी, जिला सदस्य पाल चंद नेगी, समिति सदस्य ईश्वर सिंह नेगी, अंजना नेगी, देवसंकी नेगी, शेखर नेगी, चेत राम नेगी, प्रधान ग्राम पंचायत चांसू अनिल नेगी, प्रधान ग्राम पंचायत संागला सरोज नेगी, प्रधान बटसेरी तारा नेगी, विशाल नेगी, व्यापार मंडल सांगला के प्रधान पीएल नेगी, विरेंद्र नेगी, देवी क्लब अध्यक्ष भूपेश नेगी, सुरेंद्र नेगी, सुदर्शन मोहन नेगी, देश राज नेगी, देवी राम नेगी, नवीन नेगी, सुनील कुमार नेगी, धर्मेंद्र नेगी, मोहन प्रताप नेगी, नवजोत सिंह नेगी, विक्रांत नेगी, जितेंद्र नेगी, छेरिंग नेगी, बंसी लाल नेगी आदि मौजूद रहे।
