सासण पशु औषधालय में चोरी

ऊना। गांव सासण स्थित पशु औषधालय में देर रात चोरों ने सेंध लगा दी। वारदात में चोरों ने औषधालय में रखी हजारों रुपये की दवाइयाें को काफी नुकसान पहुंचाया है। वहीं फर्नीचर सहित अन्य सामान भी तोड़फोड़ दिया और दस्तावेजों को भी इधर-उधर बिखेर दिया। हजारों रुपये का अन्य सामान लेकर चोर फुर्र हो गए। पुलिस ने मौके पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह लोगों ने पशु औषधालय के दरवाजे टूटे देखे और इसकी सूचना पुलिस को दी। केंद्र में मेज, कुर्सियों सहित अंदर रखा काफी सामान तोड़ गया था। दस्तावेज इधर-उधर बिखरे हुए थे। वहीं केंद्र के कुछ दस्वावेज तथा अन्य कीमती सामान भी गायब पाया गया। वारदात में चोर केंद्र में रखी हजारों रुपये की दवाइयां भी उड़ा ले गए हैं। चोरी की वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। चोर बेखौफ होकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इससे पहले इस क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है, लेकिन अभी तक चोर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए हैं। उधर, मैहतपुर चौकी प्रभारी प्रीतम सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts