
ऊना। जिला मुख्यालय के टक्का रोड पर दिन-दिहाड़े एक महिला को उसी के घर में घुसकर सिर पर रॉड मारकर घायल करने और लूटे जाने का मामला सामने आया है। लुटेरों ने वारदात के दौरान सात वर्षीय बच्ची का भी गला दबाने का प्रयास किया है। हालांकि वारदात को अंजाम देने वाले शातिरों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन उनकी काले रंग की आल्टो कार का नंबर नोट कर लिया गया है। वहीं पुलिस ने भी उक्त शातिरों की तलाश पूरी सरगर्मी से आरंभ कर दी है। वारदात में घायल हुई 34 वर्षीय महिला को स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार टक्का रोड निवासी 34 वर्षीय महिला सीमा सैणी पत्नी राजेंद्र सैणी मंगलवार दोपहर बाद बारिश बंद होने के बाद आंगन की सफाई कर रही थी। इसी दौरान उनके घर के समीप एक काले रंग की आल्टो कार नंबर पीबी 129222 आकर रुकी। इसमें से दो व्यक्ति उतर कर आए और सीमा के पति के बारे में पूछने लगे। महिला ने उन्हें बताया कि उनके पति घर में नहीं हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति घर के बाहर रखी कुर्सी पर बैठ गया, जबकि दूसरा वापस कार की ओर चला गया। कुछ समय बाद जब वह वापस आया तो आते ही उसने रॉड से महिला के सिर पर बार कर उसे घायल कर दिया। वारदात के समय घर पर महिला के साथ उसकी सात साल की बेटी ही मौजूद थी। बच्ची पूरे घटनाक्रम को देख कर घबरा गई और चिल्लाने लगी। इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति ने बच्ची का गला दबा दिया। महिला ने जब बच्ची का बचाव करना चाहा तो उन लोगों ने महिला के मुंह पर मुक्का जड़ दिया और गले में पहनी हुई चैन, कानों की बालियां और दो अगूठियां छीन लीं और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से महिला को ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में लाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। एसपी ऊना केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने महिला का बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
