करंट लगने से युवक की मौत

ऊना। क्षेत्र के गांव दौलतपुर में सोमवार देर सायं करंट लगने के कारण एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवा कर उसे परिजनों के हवाले कर दिया है, जबकि मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी गई है। बताया जा रहा है कि युवक नहाने के बाद गीले कपडे़ को तार पर सूखने के लिए डाल रहा था। इसी दौरान बिजली की तारों से संपर्क में आने से उस तार में भी करंट आ गया, जिसकी चपेट में आने से युवक की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय युवक जशभनदीप पुत्र हरभजन सिंह निवासी गांव मैली जिला होशियारपुर दौलतपुर स्थित अपने ननिहाल आया हुआ था। सोमवार देर सायं जश्नदीप अपनी गाड़ी धोने के बाद नहाने चला गया। नहाने के बाद गीले कपड़े सुखाने के लिए वह एक तार पर टांग रहा था। उक्त तार के पहले ही बिजली की तारों के संपर्क में आने के कारण उसमें करंट पास हो रहा था, जिससे गीले कपड़ों की वजह से जश्नदीप उसी तार से चिपक गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने युवक के शव को तुरंत कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी केसी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।

Related posts