डंडे के वार से मार डाला भाई

कुल्लू। मामूली विवाद के बाद गुस्साए व्यक्ति ने डंडे के वार से बुआ के बेटे को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नाथान गांव के झाबे राम ने किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद गुस्से में आकर सगी बुआ के बेटे तुले राम पर डंडे से वार कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस को दी तहरीर के मुताबिक मृतक तुलेराम के किसी रिश्तेदार के यहां गंगा पूजन चल रहा था। इस मौके पर घर में कई रिश्तेेदार मौजूद थे।
इसी दौरान तुलेराम और झाबे राम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आपे से बाहर हुए झाबे राम ने डंडे से तुले राम के सिर पर वार किया। तुलेराम वहीं गिर पड़ा। परिजनों ने तुले राम को कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने उसे चंडीगढ़ पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में ही तुले राम ने दम तोड़ दिया। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने झाबे राम के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया है। जांच का जिम्मा पतलीकूहल चौकी प्रभारी एसआई संजीव कुमार कर रहे हैं।

Related posts