
थानाकलां (ऊना)। बढवार पंचायत के डोह गांव में 12 साल की एक बच्च्ची की सर्पदंश से मौत हो गई। बच्ची रात को घर में सो रही थी। इस दौरान उसे सांप ने डंस लिया। इसके बाद बच्ची एकाएक उठ बैठी और रोने लगी। बच्ची के रोने चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन भी उठ गए। रात करीब 11 बजे हुई इस घटना के बाद बिना देर किए परिजन बच्ची को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले गए। ऊना अस्पताल में पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मृतका का नाम प्रिया बताया जा रहा है। प्रिया के पिता गरीब परिवार से संबंधित बताए जा रहे हैं। घटना से क्षेत्र में मातम छा गया है। प्रिया सातवीं कक्षा की छात्रा थी। पंचायत प्रधान आशा कुमारी ने घटना की पुष्टि की है। प्रधान ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को राहत प्रदान की जाए। उधर, ऊना के मुख्य चिकित्सा अधिकारी जीआर कौशल ने कहा कि बच्ची को रात के समय अस्पताल लाया गया था। उन्होंने कहा कि बच्ची के शरीर में जहर फैल जाने से उसकी मौत हो चुकी थी।
