
अंब (ऊना)। उपमंडल के तहत पड़ती ग्राम पंचायत ठठल के प्रधान एवं राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष ठाकुर सीताराम को रविवार देर रात अज्ञात लोगों ने फोन कर 30 लाख रुपये की रकम देने की मांग की और रकम न देने की एवज में उन्हें जान से मारने की धमकी दी। मामले के संदर्भ में एसडीएम अंब और डीएसपी अंब को सूचित कर दिया गया है, जबकि पुलिस ने घटना की छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत ठठल के प्रधान एवं राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष ठाकुर सीताराम के घर पर रविवार देर रात एक फोन आया। फोन करने वाले ने उनसे 30 लाख रुपये की रकम को नौ जुलाई को पंजोगा मार्ग पर देने की मांग की और ऐसा न करने के एवज में उसने प्रधान को जान से मारने की धमकी भी दी। पहले तो पंचायत प्रधान और उनके परिजन कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन थोड़ी देर में जब फिर से उसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया तो घरवालों ने इस बात को संजीदगी से लिया। उसके बाद दो बार महज आधे घंटे के अंतराल में फोन आया। इसकी शिकायत ग्राम पंचायत प्रधान ठाकुर सीताराम ने सोमवार को एसडीएम अंब सुखदेव सिंह और अंब थाने में दी। मामले की पुष्टि करते हुए एसडीएम सुखदेव सिंह ने बताया कि ठठल के ग्राम पंचायत प्रधान ठाकुर सीताराम की शिकायत आई है। ऐसे शरारती तत्वों पर नकेल कसने की तैयारी शुरू कर दी है। उधर, डीएसपी अंब मदन कौशल ने बताया कि पंचायत प्रधान की शिकायत को संजीदगी से लिया गया है तथा मामले की छानबीन की जा रही है।
