
कुल्लू। नकली नोटों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किए दोनों आरोपियों को कोर्ट ने 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। एक अन्य आरोपी पहले की रिमांड पर चल रहा है। कुल्लू के हरिपुर जंगल में नकली नोटों, प्रिंटर और स्कैनर के साथ दबोचे गए दोनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को 9 जुलाई तक पुलिस रिमांड में रखने के आदेश कोर्ट ने दिए हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों से इस गोरखधंधे को लेकर पूछताछ करेगी। आशंका जताई जा रही है इसमें कई और शातिर भी पुलिस के शिकंजे में फंस सकते हैं। एएसपी निहाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को पुलिस ने शनिवार देर शाम कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 9 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर दिया है। इस दौरान पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ करेगी। जबकि इस मामले में पहले ही गिरफ्तार चल रहे एक अन्य आरोपी का रिमांड जारी है। उन्होंने कहा कि नकली नोटों को लेकर जिला पुलिस ने घाटी के सभी वागवानों और सब्जी मंडियों को अर्लट जारी कर दिया है। निहाल सिंह ने कहा कि इस गोरखधंधे से जुड़े सुराग देने वालों का नाम और पता गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने इस तरह के मामलों में आम जनता से भी सहयोग की अपील की है।
