दौलतपुर में चोरी का असफल प्रयास

दौलतपुर चौक (ऊना)। नगर पंचायत दौलतपुर चौक स्थित एक घर में देर रात चोरों ने सेंध लगा दी। हालांकि चोर घर से सामान उड़ाने में असफल रहे। पुलिस ने मामले की शिकायत पर छानबीन शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दौलतपुर निवासी रोटेरियन अविनाश शर्मा अपने किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे और घर पर उनकी पत्नी संतोष कुमारी अकेली थी। रात को चोरों ने घर की पिछली तरफ की खिड़की की ग्रिल तोड़ी और घर में घुस गए। चोर घर में पड़ी अटैची उठाकर बाहर ले गए और उसको तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन अस्फल रहे। इसके अलावा उन्होंने संतोष कुमारी के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। चोरों ने घर का सारा सामान बखेरा, लेकिन अलमारी में रखे गहने एवं नकदी किसी तरह से बच गई। चोरों की बढ़ती सक्रियता से लोगों में दहशत का माहौल है। उधर, दौलतपुर चौक के चौकी प्रभारी एएसआई हरजीत सिंह ने बताया कि स्थानीय पुलिस टीम ने मौके का जायजा लिया है। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

Related posts