50 बच्चों ने फाइनल में बनाई जगह

ऊना। डांस के रंग में रंगे युवक युवतियों ने फाइनल में जगह बनाने के लिए रविवार को जेटकिंग डांस के सुपर स्टार कार्यक्रम के सेमीफाइनल में रक्कड़ कालोनी के एक फार्म में दस घंटे तक खूब पसीना बहाया। इस मुकाबले में करीब 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें से 50 बेहतरीन डांस करने वालों को फाइनल का टिकट दिया गया है। यह फाइनल 14 जुलाई को टाउन हाल ऊना में आयोजित किया जाएगा। इसमें पांच ग्रुपों के बीच मुकाबला होगा और 15 युवक युवतियों को पांच ग्रुपों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय का स्थान दिया जाएगा। टीवी पर शुरू होने वाले ‘यह मस्ती यह धूम’ रियलटी शो में दो बच्चों को सीधी एंट्री दी जाएगी, वहीं एक पहाड़ी गीतों के वीडियो में भी डांस का अवसर प्रदान किया जाएगा। रविवार को सेमीफाइनल मुकाबले की शुरुआत सचिन बस्सी, मार्शल मेहता, पंकज अरोड़ा, अविनाश कपिला, डा. सुभाष शर्मा, विनोद कुमार द्वारा ज्योति प्रज्जवलित कर की गई। सचिन बस्सी ने कहा कि डांस की प्रतिभाओं को उभारने के लिए किया गया यह प्रयास सराहनीय है। अविनाश कपिला ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए यह एक अच्छा प्रयास है और हर संस्था को ऐसे प्रयास करने चाहिए। कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में शिप्रा बालिया, खड़ग सिंह, परमजीत सिंह रहे, जबकि मंच संचालक का कार्य डा. सुभाष ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक पंकज कतना, सुधीर शर्मा एवं सुशील द्विवेदी ने बताया कि युवा प्रतिभा को बेहतर दिशा में लगाने के लिए इस आयोजन को तय किया गया है। उन्होंने बताया कि नौ जुलाई को फाइनल के चयनित बच्चों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इस अवसर पर राजीव भनोट, मुनिंद्र अरोड़ा, अमित शर्मा, राजन पुरी, पल्लवी द्विवेदी, निशांत बाली, प्रदीप कुमार, पीयूष, सोमनाथ घई, चंद्रमोहन चौहान, विवेक कुमार शर्मा, रविंद्र कुमार, हरजिंद्र, संदीप व अक्षय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related posts