
मैहतपुर (ऊना)। क्षेत्र की बनगढ़ ग्राम पंचायत में रविवार को ग्राम सभा की बैठक में दो गुटों के बीच में आरोप-प्रत्यारापों को लेकर धक्का-मुक्की हो गई। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि मामले को शांत करने के लिए पुलिस बल को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत के उपप्रधान राकेश कुमार ने पंचायत प्रधान एवं अन्य प्रतिनिधियों पर पंचायत फंड्स को लेकर अनियमितताएं बरतने एवं पंचायती संविधान का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रधान ने अपने नजदीकियों को लाभ पहुंचाने के लिए ग्रामीणों की आम बैठक न बुलाकर उन्हें विश्वास में नहीं लिया है। इससे गांव के जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को वाटरशेड स्कीम के तहत जारी फंड का कोई लाभ नहीं पहुंच पाया है। उपप्रधान ने बताया कि इन अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन को भी अवगत करवाया जा चुका है। ग्रामीणों को शांत करने एवं स्थिति का जायजा लेने पहुंचे डीएसपी मुनीश डढवाल ने अपनी टीम के साथ पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की। गांव के प्रधान रवि ठाकुर ने अनियमितताओं को लेकर लगे इन सभी आरोपों को निराधार बताया कि पंचायत के फंडों को पात्र लोगों तक ही पहुंचाया गया है। उन्होंने इस सारे घटनाक्रम को षड्यंत्र साजिश करार दिया है। डीएसपी मनीष डढवाल ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। सभी को कानून के दायरे में रहने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
