एचटी की सीधी भर्ती की हो जांच: संघ

आनी (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश टीजीटी अध्यापक कुल्लू की जिला स्तरीय बैठक रविवार को आनी के भाटनीबाई स्कूल में हुई। इसमें संघ ने अध्यापकों को पेश आ रही विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। वहीं, पूर्व में मुख्याध्यापकों की हुई सीधी भर्ती की भी जांच करने की सरकार से मांग की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष शेर सिंह ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिले के सभी खंडों के चुनाव 15 अगस्त से पूर्व करवा लिए जाएंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि भर्ती एवं प्रमोशन नियम-1992 के साथ कोई छेड़छाड़ न की जाए। पूर्व में जो मुख्याध्यापकों की सीधी भर्ती हुई है, सरकार उसकी भी जांच करे। उन्होंने कहा कि टीजीटी से मुख्याध्यापक तथा प्रवक्ता की पदोन्नति के लिए मांगा जा रहा विकल्प की शर्तों को हटाया जाए। विज्ञान श्रेणी वाले अध्यापकों को कला विषय के प्रवक्ता के पद पर पदोन्नत न किया जाए। बैठक में जिला कुल्लू में समान अवकाश सारणी लागू करने के लिए भी प्रस्ताव पास किया गया। बैठक में संघ ने उपचुनाव में प्रतिभा सिंह को मिली जीत पर बधाई दी। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष शेर सिंह ठाकुर, जिला महासचिव कुंदन शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष प्रेम सिंह, पूर्ण शर्मा, जिलाध्यक्ष पदोन्नत प्रवक्ता संघ आनी खंड के अध्यक्ष प्रेम शर्मा, बंजार अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, डोला राम, बंती कौंडल, लीला देवी, जय सिंह, श्यामा नंद, राकेश शर्मा, राम लाल, शमशेर ठाकुर आदि सदस्य मौजूद थे।

Related posts