
भरमौर/होली (चंबा)। भरमौर उपमंडल को विद्युत आपूर्ति देने वाली 33 केवी लाइन टूटने से पूरा उपमंडल 15 घंटे बिजली की समस्या से जूझता रहा। यह लाइन शुक्रवार रात 11 बजे के करीब जांघी के पास टूट गई थी। इस कारण पूरा उपमंडल रात भर अंधेरे में डूबा रहा। वहीं, होली क्षेत्र की सभी एक दर्जन पंचायतों में तो शनिवार शाम तक बिजली गुल रही। इस कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उधर, होली क्षेत्र की पंचायतों में करीब एक माह से बिजली की आंख मिचौनी चल रही है। होली निवासी रमेश कुमार, अशोक, विनोद, अजय, हेम राज, प्यार चंद, राकेश, दुनी चंद, होशियार चंद, विजय सिंह, विनोद कुमार, दिलीप कुमार, ध्यान सिंह और अजय ने बताया कि होली क्षेत्र में आए दिन बिजली गुल रहती है। बिजली न होने के कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार रात से पूरे होली क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। इस कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत बोर्ड से मांग की है कि क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बहाल की जाए। उधर, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि होली को विद्युत आपूर्ति करने वाली 33 केवी की लाइन जांघी गांव के पास टूट गई थी। इस कारण पूरे भरमौर उपमंडल की लाइट चली गई थी। इसे बहाल करने के लिए शनिवार को कर्मियों को तैनात कर दिया गया था। आपूर्ति दोपहर दो बजे बहाल कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि होली क्षेत्र में शायद लोक लाइनों की मरम्मत के चलते सप्लाई बहाल नहीं हुई होगी।
