
चंबा। जिला के विभिन्न जोनों में शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में 50 के करीब स्कूल नदारद रहे। नियमों के मुताबिक और शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार सभी स्कूलों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेना अनिवार्य है। इसके बावजूद स्कूल मुखियाओं के उदासीन रवैये के चलते 50 के करीब स्कूलों ने जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिया। इस कारण इन स्कूलों के खिलाड़ियों को खेलों से वंचित रहना पड़ा है। शिक्षा विभाग की ओर से समय-समय पर स्कूली बच्चों के शारीरिक विकास के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं करवाई जाती हैं, लेकिन कुछ स्कूलों के मुखियाओं की लापरवाही के कारण स्कूली बच्चों को खेलकूद प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का मौका नहीं मिल पाता। इस कारण स्कूली छात्रों की प्रतिभा दब कर रह जाती है। जानकारी के मुताबिक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला होली में आयोजित अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता में 40 में से 10 स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने ही हिस्सा लिया था। इस प्रतियोगिता में लगभग 30 स्कूल नहीं पहुंचे थे। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कियाणी में सेंटर जोन की अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता में 21 स्कूलों के 275 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जबकि इस प्रतियोगिता में 16 स्कूलों के बच्चे नहीं पहुंचे थे। इसी तरह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिहुंता में भटियात जोन की अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में 32 स्कूलों के 423 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। साथ ही राजकीय मिडल स्कूल भटका में आयोजित जोन चंबा की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान 39 स्कूलों के 326 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जबकि इन दोनाें जोन की प्रतियोगिताओं में लगभग एक दर्जन स्कूल नदारद रहे। इस संबंध में उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने कहा कि जिन स्कूलों ने जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं लिया है। उन स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। इसके अलावा स्कूल मुखिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूल मुखियाओं से प्रतियोगिता में न आने का बारे जवाब तलब किया जाएगा।
