पौंग का जलस्तर बढ़ा, मंड में अलर्ट

धर्मशाला। जिला प्रशासन ने पौंग बांध का जलस्तर बढ़ने से साथ लगते मंड क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। भारी बारिश के चलते ब्यास नदी पूरे उफान पर है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों को नदी के कि नारे न जाने की सलाह दी है। इसके अलावा नदी के आसपास स्थित इलाके को भी तुरंत खाली करने के आदेश जारी किए हैं। ये सारे कदम एहतियातन उठाए गए हैं, हालांकि स्थिति सामान्य बनी हुई है।
उपायुक्त सी पालरासू ने पौंग बांध जलाश्य के साथ लगते मंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत स्थाणा, टटवाली, रे-खास, बहादुरपुर और रियाली इत्यादि क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने को कहा है। उपायुक्त ने कहा कि पौंग बांध जलाशय में भारी वर्षा के कारण जल-स्तर बढ़ने की स्थिति में पानी कभी भी छोड़ा जा सकता है और दरिया का पानी बढ़ने से मंड क्षेत्र के तटीय क्षेत्र वाले गांव भी प्रभावित हो सकते हैं। उपायुक्त ने इस क्षेत्र में दरिया के किनारे रहने वाले लोगों से अपील की है कि वह सचेत रहते हुए बाढ़ आने पर दरिया के किनारे न जाएं। बल्कि पौंग बांध जलाशय से पानी छोड़ने की सूचना मिलते ही सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। उपायुक्त ने क्षेत्र के पंचायत प्रधानों को भी निर्देश दिए हैं कि वह दरिया के नजदीक रहने वाले लोगों को जागरूक करें और पौंग बांध से पानी छोड़ने की सूचना मिलने पर उन्हें सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए प्रेरित करें।
उपायुक्त ने एसडीएम जवाली, खंड विकास अधिकारी फतेहपुर एवं पुलिस को भी निर्देश दिए हैं कि मंड क्षेत्र का समय-समय पर दौरा करके इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बाढ़, भारी वर्षा, भूस्खलन इत्यादि के बारे में जागरूक करें, जिससे बाढ़ आने की स्थिति में प्राथमिक तौर पर लोग अपना बचाव स्वयं भी कर सकें। प्रशासन अपने स्तर पर आपदा से निपटने के लिए तैयार है।

देहर खड्ड में उफान से फैली दहशत
जवाली (कांगड़ा)। उपमंडल जवाली के अंतर्गत पड़ने वाली देहर खड्ड में शनिवार को भारी उफान देखा गया। पानी के उफान को देखकर हर कोई दंग रह गया। पानी अपने साथ कई वृक्षों को बहाकर ले गया।

Related posts