
ऊना। जिला मुख्यालय के पुराना होशियारपुर रोड पर स्थित एक दुकानदार से अज्ञात बाइक सवार कीमती मशीन एवं नकदी छीनकर फरार हो गए हैं। दिनदिहाड़े हुई इस वारदात से बाजार में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस ने इस संदर्भ में मामले की जांच आरंभ कर दी है। हालांकि अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सायं रेड लाइट चौक ऊना की तरफ से आ रहे अज्ञात बाइक सवार जब पुराना होशियारपुर मार्ग पर पहुंचे तो एक कामगार युवक से रास्ता पूछने के बहाने रुके। इसी दौरान वह साथ की एक दुकान से कीमती मशीन एवं नकदी छीनकर फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि अज्ञात बाइक सवार करीब 60 हजार रुपये का नकदी सहित सामान लेकर मौके से फरार हो गए हैं। वहीं पुलिस ने दुकानदार की शिकायत के आधार पर मामले की जांच आरंभ कर दी है। एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि पुलिस छानबीन कर रही है। दुकानदार से मामले की पूरी जानकारी हासिल की जा रही है। बाजार के अन्य लोगों के भी बयान कलमबद्ध किए जाएंगे। तहकीकात शुरू कर दी गई है, अभी मामला दर्ज नहीं किया गया है।
