
ऊना। आमतौर पर सास के खिलाफ बहू या बहू के खिलाफ सास की शिकायतें लेकर पुलिस के पास पहुंचने की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन शनिवार को सास और बहू दोनों एक साथ दादी सास के खिलाफ शिकायत लेकर डीएसपी दरबार पहुंच गईं। इस तरह के अजीबो-गरीब मामले को देखकर डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने इसको महिला सैल के सुपुर्द कर छानबीन करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हरोली क्षेत्र की एक विवाहित महिला अपनी चार साल की बच्ची और दो अन्य महिलाओं के साथ शिकायत पत्र लेकर डीएसपी सुरेंद्र शर्मा के पास पहुंची। इनमें से एक उसकी अपनी सास थी। महिला ने बताया कि उसकी दादी सास उसे बुरी तरह प्रताड़ित कर रही है, जबकि बात-बात पर उसे घर से निकालने की धमकियां भी दी जा रही हैं। इसके कारण वह तनाव की स्थिति में पहुंच गई है। इसी दौरान विवाहिता के साथ पहुंची उसकी सास ने बताया कि उसे भी काफी साल पूर्व ऐसे ही छोड़ दिया गया था, वही कहानी अब उसकी पुत्रवधू के साथ दोहराई जा रही है। पीड़िता की सास ने बताया कि वह शिक्षा विभाग में नौकरी करती है, जबकि उसका पति सेना में कार्यरत है। सास की शह पर ही उसका पति उसे तलाक दिए बगैर इन दिनों किसी अन्य महिला के साथ रह रहा है, जबकि वह आजकल घर से दूर किसी अन्य स्थान पर रहने को मजबूर है। सास-बहू ने डीएसपी से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। उधर, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि इस मामले को महिला सैल के सुपुर्द किया गया है। जल्द ही इसकी पूरी छानबीन कर महिलाओं को इंसाफ दिलाया जाएगा।
