दहेज प्रताड़ना पर पति गिरफ्तार

बंगाणा (ऊना)। बंगाणा थाने में क्षेत्र के डोह निवासी एक महिला ने अपने पति एवं सास पर दहेज के लिए उत्पीड़न करने का मामला दर्ज करवाया है। बंगाणा पुलिस के थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि बुडवार पंचायत के गांव डोह निवासी नीतू कुमारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि शादी के दो-तीन महीने के बाद से ही उसका पति राजेश कुमार एवं सास शकुंतला देवी ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। शिकयतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया कि कई बार उसके पति एवं सास उसके साथ यह कहकर मारपीट करते थे कि उसके मायकों वालों ने दहेज में टीवी, फ्रिज व वाशिंग मशीन नहीं दिया है। उसे बार-बार प्रताड़ित कर मायके वालों से कई चीजें लाने की मांग करते रहते थे। नीतू कुमारी ने पुलिस को यह भी बताया कि जब उसने मायके चले जाने की बात कही तो उसके पति एवं सास ने उनकी शादी में हुए तीन लाख रुपये का खर्च उन्हें देने की मांग कर डाली। शिकायतकर्ता किसी तरह अपने मायके पहुंची और घर वालों को साथ लेकर बंगाणा थाना पहुंच कर पुलिस को आपबीती सुनाई। थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि नीतू कुमारी के आरोपी पति एवं सास को पुलिस ने उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी धारा 498ए तथा 34 के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

Related posts