आनी में अब आसानी से बनेंगे आधार कार्ड

आनी (कुल्लू)। आनी उपमंडल में आधार कार्ड बनवाना अब आसान हो गया है। लोगों को आधार कार्ड बनवाने ब्लॉक कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि आधार कार्ड बनाने के लिए टीम अब हर पंचायत मुख्यालय में ही पहुंचेगी।
आधार कार्ड बनाने में पंचायत में पहली प्राथमिकता उन लोगों को दी जाएगी जो शारीरिक तौर पर अक्षम हैं। फिर, अधिक आयु वाले बुजुर्ग और स्कूली बच्चों को प्राथमिकता मिलेगी। प्रशासन ने आधार कार्ड बनाने की यह नई प्रक्रिया ब्लॉक की पलेही पंचायत से शुरू कर दी है और जब तक एक पंचायत में पूरी तरह सभी लोगों के आधार बन नहीं जाते, तब तक अगली पंचायत में टीम प्रवेश नहीं करेगी। अगली पंचायत में कार्ड बनाने के बारे में प्रशासन पहले ही सूचना देगा। बीडीओ आनी राकेश बिष्ट ने बताया कि डीसी कुल्लू के निर्देशानुसार आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया पलेही पंचायत से शुरू की गई है। उसके बाद कुठेड़, ब्यूंगल, दलाश, डिंगीधार, बैहना, तलूना, आनी, नम्होंग, जाबन, बखनाओ, च्वाई, शिल्ली, देउठी, बुच्छैर, कोहिला, कमांद, खणी, खनाग, लझेरी, फनौटी, करशैईगाड़, लगौटी, पोखरी, रोपा, मुडदड़, कुंगश, कराणा आदि पंचायतों में कार्ड बनाए जाएंगे। आनी में आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ‘अमर उजाला’ ने प्रमुखता से खबर को प्रकाशित किया था। इसमें बताया गया था कि प्रक्रिया कठिन होने से लोगों को धक्के खाने पड़ रहे हैं। कइयों को बिना कार्ड बनाए ही घर लौटना पड़ रहा था। इस पर प्रशासन ने गंभीरता से अमल करते हुए प्रक्रिया आसान बनाई है। अब देखना यह है कि इसका असर कैसा रहेगा। जानकारी के मुताबिक आनी ब्लॉक में अभी करीब आठ हजार लोगों के आधार कार्ड बनने बाकी हैं।

Related posts