पी.यू. में छात्र संगठन भिड़े पुलिस भी पिटी

चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र संगठनों (एन.एस.यू.आई. और एच.एस.ए.) के बीच जमकर मारपीट हुई। पुलिस झगड़ा निपटाने के लिए बढ़ी तो उसी दौरान एक लेडी कांस्टेबल को भी छात्रों ने थप्पड़ जड़ दिया। झगड़े में एक छात्र के शरीर पर सुआं (बर्फ तोडऩे वाले औजार) से वार कर उसे जख्मी कर दिया और करीब 4 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

गंभीर रूप से घायलों की पहचान भावुक, भगवान शर्मा के तौर पर की है। पुलिस ने करीब एक दर्जन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं पुलिस ने 4 युवकों को गिरफ्तार भी किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान परमिंद्र लठवाल, अमित, सुमित, जगमित के तौर पर हुई है।

फार्म लेने गया था

सैक्टर-15 निवासी भावुक ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह मूलरूप से हिसार का रहने वाला है। चंडीगढ़ सैक्टर-10 स्थित डी.ए.वी. कॉलेज में बी.ए. द्वितीय ईयर का छात्र है। भावुक ने कान का पर्दा हमेशा के लिए खो दिया है और उसके सिर पर हड्डी के कोने में फैक्चर है।

भावुक एच.एस.ए. के टैंट में केवल डिप्लोमा के फार्म लेने के लिए गया था लेकिन जैसे ही मारपीट शुरू हुई तो उसे बचने का मौका नहीं मिला। पार्टी के पूर्व मैंबर पर 11 वार : एच.एस.ए. का मैंबर भगवान शर्मा टैंट में बैठा था कि दूसरी पार्टी के कार्यकत्र्ताओं ने धावा बोल दिया और और उस पर 11 बार सुओं से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मामला

घटना शाम 4.45 बजे की है। एडम ब्लॉक के पीछे इंक्वायरी सैंटर के पास छात्र संगठनों के बीच पुरानी बात को लेकर जमकर बवाल हुआ। झगड़े को देख चंडीगढ़ पुलिस और पी.यू. सिक्योरिटी के कुछ कर्मियों को भी चोंटें आईं। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। जिसमें कई छात्रों को चोटें आई हैं।

झगड़े के बाद फिर झगड़ा

अभी माहौल कुछ शांत ही हुआ था कि घटना स्थल से कुछ दूर एन.एस.यू.आई के एक कार्यकत्र्ता और एच.एस ए. के पूर्व प्रधान कुलदीप शोरांण के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। बचाव करने आई महिला पुलिसकर्मी को भी उन्होंने पीट दिया।

गाडिय़ों से बरामद हुए हथियार

पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास खड़े वाहनों की तलाशी ली तो उनमें लाठियां, बेसबॉल बैट, लोहे की रोडें और तलवारें मिलीं। इन वाहनों और उनके चालकों को हिरासत में ले लिया गया है।

हैल्प डैस्क हटे

पी.यू. अधिकारियों ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए हैल्प डैस्क हटाने के निर्देश दे दिए हैं। इस वाक्या के बाद हैल्प डैस्क के लिए लगे टैंट उखाड़ दिए गए। अन्य छात्र संगठनों ने अधिकारियों के इस फैसले का विरोध किया। थाना प्रभारी सैक्टर-11 गुरमुख सिंह ने बताया कि मारपीट में आधा दर्जन के खिलाफ मामला दर्ज कर 4 की गिरफ्तारी कर ली गई है।

Related posts