कालेज दरबार हाल में समारोहों पर रोक

चंबा। स्थानीय कालेज के दरबार हाल में अब समारोहों का आयोजन नहीं होगा। निजी कालेज के समारोह में हुई तोड़फोड़ के बाद कालेज प्रशासन ने यह फैसला लिया है। कालेज के प्राचार्य एमएल शर्मा ने बताया कि दरबार हाल में कालेज के अलावा अन्य किसी प्रकार के कार्यक्रम नही होंगे। उन्होंने कहा कि समारोह के आयोजन के लिए कालेज प्रशासन को तीन हजार मिलते हैं, जबकि इस दौरान कालेज प्रशासन को हजारों रुपए का नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि दरबार हाल कालेज का है और इसमें केवल कालेज के कार्यक्रम ही आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों के वार्षिक समारोह आयोजित करने के लिए दरबार हाल को प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके अलावा अन्य किसी प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन के लिए दरबार हाल की परमिशन नहीं दी जाएगी। गौर रहे कि कालेज के दरबार हाल में रविवार को आयोजित निजी स्कूल के वार्षिक समारोह के दौरान काफी तोड़-फोड़ हुई। इससे कालेज प्रशासन को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। वार्षिक समारोह के दौरान स्कू ल के छात्रों ने डेस्क, पंखे तोड़ दिए हैं। स्टेज के पर्दे को भी फाड़ दिया है।
छात्रों की इस हरकत से कालेज प्रशासन खफा है और कालेज में समारोह के आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया है। उल्लेखनीय है कि दरबार हाल में निजी स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों के वार्षिक समारोह आयोजित होते हैं। कई बड़े कार्यक्रमों का आयोजन भी दरबार हाल में लंबे अरसे से होता रहा है। कार्यक्रमों के आयोजन के लिए कालेज प्रशासन को तीन हजार रुपए किराए के रूप में मिलते हैं।

Related posts