कुल्लू शहर फिर पसर गया अंधेरा

कुल्लू। बकाया बिल राशि चुकता न करने पर शहर की स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन विद्युत बोर्ड ने काट दिया। शुक्रवार को कुल्लू शहर की स्ट्रीट लाइटें इस कारण नहीं जलीं। विद्युत बोर्ड कुल्लू ने पांच करोड़ रुपये नगर परिषद से लेने हैं। इसको लेकर विद्युत बोर्ड कुल्लू ने कई बार नगर परिषद कुल्लू को बिल अदायगी को लेकर हिदायतें भी जारी कीं। लेकिन बिल अदा नहीं किया गया। शुक्रवार को विद्युत बोर्ड ने सख्त कदम उठाते हुए शहर की स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन काट दिया। बिजली बोर्ड कुल्लू के एसई प्रवेश ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है। नप कुल्लू पर 5,12,51,493 रुपये की देनदारी है।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार से बोर्ड ने नगर परिषद कुल्लू की सभी स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काट दिए हैं। कहा कि आगामी आदेश तक बिजली कटी रहेगी। वहीं नगर परिषद अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने कहा कि उन्हें बिजली बोर्ड से स्ट्रीट लाइटों के काटने की सूचना मिली है। कहा कि उनकी ओर से बोर्ड से बिजली न काटने की अपील की है। नप कुल्लू पिछले बिजली बिल की बकाया राशि को छोड़ कर नियमित रूप से मासिक बिल जमा कर रहा है। बावजूद बिजली काटना जनहित में ठीक नहीं।

Related posts