भढ़ाई-पीज सड़क पर सुहाना होगा सफर

खराहल (कुल्लू)। महाराजा कोठी की भढ़ाई-पीज सड़क 2.20 करोड़ रुपये से पक्की होगी। लोनिवि ने इसके लिए तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हुआ है। आठ किलोमीटर लंबी इस सड़क को पक्का करने के लिए धनराशि मंजूर होने पर महाराजा कोठी के लोगों ने खुशी जताई है।
सड़क पक्की होने से महाराजा कोठी भढ़ाई, बागन, शिल्हा, पीज, बान, धारा, चकलानी और शकहौर गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों को लाभ पहुंचेगा। लोगों को जहां बरसात में अब कीचड़ की समस्या से दोचार नहीं होना पड़ेगा वहीं पक्की सड़क के चलते सफर भी सुहाना हो जाएगा।
पंचायत प्रधान इशिरा देवी, उपप्रधान प्रेम सिंह, चेत राम, जम्दगिभन ऋषि के कारदार देवी सिंह और मेहर सिंह ने कहा कि सड़क पर तारकोल बिछने से आधा दर्जनों से अधिक गांव के लोग लाभान्वित होंगे। पक्की सड़क की सुविधा से इलाके के किसान-बागवान अपने उत्पादन को सुगमता से मंडियों तक पहुंचा सकेंगे।
पीज गांव के मास्टर शेर सिंह कहते हैं कि सड़क पक्की होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को देवता जम्दाग्नि ऋषि के मंदिर तक पहुंचने में आसानी होगी। सरकार को काईस धार तक सड़क का निर्माण करना होगा ताकि काईस धार की हसीन वादियों का पर्यटक लुत्फ उठा सकें। घाटी के ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने इसके लिए विधायक महेश्वर सिंह, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और लोनिवि का आभार जताया है।
लोनिवि के सहायक अभियंता विनय हाजरी ने बताया कि सड़क पक्की करने लिए 2.20 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। शीघ्र ही तमाम औपचारिकताएं पूरी करने बाद सड़क पर तारकोल बिछाने का कार्य आरंभ किया जाएगा। काईस धार तक सड़क बनाने के लिए फारेस्ट क्लीयरेंस के लिए फाइल भेजी है। अनुमति मिलने पर सड़क आगे निकाली जाएगी।

Related posts