
पतलीकूहल (कुल्लू)। सीनियर सेकेंडरी स्कूल कटराईं में आयोजित अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता में वालीबाल का फाइनल मनाली स्कूल ने जीत लिया। जगतसुख स्कूल की टीम दूसरे स्थान पर रही। वीरवार को प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिप अध्यक्ष हरिचंद शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कटराईं स्कूल के प्रधानाचार्य घनश्याम कपूर ने बताया कि कबड्डी में काइस स्कूल चैंपियन बना है। मेजबान स्कूल कटराईं उपविजेता रही।
बैडमिंटन में प्रीणी विजेता तथा मनाली उपविजेता रहा। खो-खो में खराहल पहले और काइस दूसरे स्थान पर रहा। मार्च पास्ट में भी मनाली स्कूल ने बाजी मारी। मुख्य अतिथि जिप अध्यक्ष हरिचंद शर्मा ने विजेता तथा उपविजेता टीमों को पुरस्कार बांटे। उन्होंने कहा कि खेलें शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेलों से न केवल शरीर चुस्त दुरुस्त रहता है बल्कि टीम भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है। इससे पहले कटराईं स्कूल के प्रधानाचार्य घनश्याम कपूर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
