मांगों को लेकर सड़कों पर उतरीं महिलाएं

ऊना। एकल नारी शक्ति संगठन ने मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर दी है। वीरवार को संगठन की जिलाध्यक्ष कांता देवी के नेतृत्व में दर्जनों एकल महिलाओं ने अपनी मांगों को लेकर पार्क में बैठक की। इसके बाद जमकर रोष रैली में नारेबाजी करते हुए मांगों के समर्थन में संघर्ष का ऐलान किया। बैठक में संगठन ने सरकार से हरियाणा की तर्ज पर एकल महिलाओं के लिए पेंशन योजना शुरू करने की मांग की। जिलाध्यक्ष कांता देवी ने कहा कि जब तक संगठन की मांगों को सरकार स्वीकार नहीं करती, तब तक संगठन अपनी आवाज को बुलंद करने के लिए रोष प्रदर्शन करता रहेगा। संगठन ने बैठक के बाद रोष रैली निकाली, जो एमसी पार्क से लेकर एमडीएम कार्यालय तक गई। इसमें महिलाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मांग की है कि सभी एकल महिलाओं को आईआरडीपी श्रेणी में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि एकल महिला का नाम अन्नपूर्णा में होना चाहिए, उनको घरेलू गैस सब्सिडी पर दी जाए और सभी परिवारों को एक समान राशन दिया जाए। इस अवसर पर अन्य महिलाओं में बख्शो देवी, सरस्वती देवी, सत्या देवी, तारा देवी, संतोष देवी, कौशल्या देवी, चंचला देवी, उमावती, सुनीता देवी, कांता देवी व किरण बाला सहित अन्य महिलाएं भी उपस्थित रहीं।

Related posts