जी का जंजाल बने लोगों के लिए फोन

गोंदपुर बनेहड़ा (ऊना)। भारत संचार निगम लिमिटेड अपने ग्राहकों को बढ़िया और सस्ती सेवाएं देने की बड़ी बड़ी बातें करता है, लेकिन हकीकत में यह अपने ग्राहकों को कितनी बढ़िया सेवाएं दे रहा है, इसका ताजा उदाहरण अंब उपमंडल की ग्राम पंचायत पंजोआ लडोली के वार्ड नंबर तीन में देखने को मिल रहा है। यहां कुछ शरारती तत्वों ने मौका पाकर दूर संचार निगम की केबल को काट कर रास्ते के किनारे फेंका हुआ है, जिसके कारण पिछले करीब 25 दिन से टेलीफोन सेवाओं से महरूम उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हरबंस लाल, गुरदेव कुमार, विजय कुमार व भगवती देवी का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों के ध्यान में पेश आ रही समस्या को रखा है, लेकिन इसके बावजूद आज दिन तक अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है, वहीं उपभोक्ताओं ने दूर संचार निगम की सेवा को बंद करने का मन बना लिया है। निगम की उपभोक्ता भगवती देवी का कहना है कि उनका फोन पिछले दो महीने से बंद पड़ा है, लेकिन जब निगम के अंब कार्यालय में फोन को ठीक करने की गुहार लगाई तो उन्हें लैंडलाइन फोन ठीक करने की बजाय मोबाइल फोन रखने की सलाह दी गई। इस संदर्भ में डीटीई अंब सुभाष सहोता ने कहा कि कटी हुई केबल एक दो दिन में जोड़ दी जाएगी, लेकिन जो फोन पिछले दो महीने से बंद पड़ा है, उसकी केबल कई जगह से कटी हुई है, जिसको जोड़ पाना काफी मुश्किल है।

Related posts