
नादौन (हमीरपुर)। बस अड्डा परिसर में स्थित शापिंग कांप्लेक्स की नगर पंचायत सुध नहीं ले रही है। ऐसे में कांप्लेक्स के दुकानदारों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में पानी कांप्लेक्स की प्रथम मंजिल की दुकानों में घुस जाता है। मंजिल में शौचालयों की भी कोई व्यवस्था नहीं है। सफाई व्यवस्था को लेकर भी नपं मौन बनी हुई है। जबकि दुकानदारों से प्रति माह किराया वसूला जा रहा है। ऐसा नहीं है कि नगर पंचायत को समस्याओं के बारे में पता नहीं, या दुकानदारों ने शिकायत न की हो।
स्थानीय दुकानदारों में राजीव रामा, अश्वनी कुमार, जोगिन्द्र कुमार, सतीश कुमार, अखिल, लक्की, विनोद और संजू आदि का कहना है कि नपं द्वारा दुकानें अलाट करने से रुपये एडवांस में लिए गए। अब प्रतिमाह किराया भी वसूला जाता है। जबकि सुविधाएं देने में नपं फिसड्डी साबित हो रही है। दुकानदारों की मानें तो बारिश होते ही कांप्लेक्स की प्रथम मंजिल में पानी घुस आता है जो दुकानों में भीतर तक चला जाता है। दुकानों में सीलन रहती है। नपं के अधिकारियों को समस्या के प्रति अवगत करवाया गया लेकिन हमेशा ही दूसरी मंजिल के निर्माण कार्य के दौरान समस्या का समाधान करने की बात कह कर पल्लू झाड़ लिया जाता है। दुकानदारों का आरोप है कि किराया वसूलने के बावजूद नपं द्वारा कांप्लेक्स की सफाई नहीं करवाई जाती। दुकानों के बाहर बस अड्डा परिसर में गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। नपं से मांग की कि शापिंग कांप्लेक्स की जल्द सुध ली जाए जिससे दुकानदारों को परेशानी न हो। हजारों रुपये का किराया नपं द्वारा वसूला जाता है।
बाक्स : क्या कहते हैं संबंधित अधिकारी
एसडीएम नादौन बलवीर ठाकुर का कहना है कि नगर पंचायत के अधिकारियों के साथ बैठक बुला कर समस्याओं का हल करने का प्रयास किया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्षा रीना देवी का कहना है कि समस्या के शीघ्र हल के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शीघ्र ही अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा।
