टिप्पर ने कुचला बाइक सवार

नंगड़ा/मैहतपुर (ऊना)। क्षेत्र के नंगड़ा के नजदीक बुधवार दोपहर एक टिप्पर और बाइक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में 25 वर्षीय बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के तुरंत बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। उधर, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार देर दोपहर बरेली (यूपी) निवासी मोहम्मद हुसैन और मोहम्मद इल्हिाज अपनी बाइक पर सवार होकर लालसिंगी से संतोषगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इस बीच नंगड़ा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर चालक ने विपरीत दिशा में आकर उनको जोरदार टक्कर दे मारी। हादसे के दौरान मोहम्मद हुसैन टिप्पर की जद में आ गया, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इल्हिाज बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसे 108 एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने नाजुक हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया है। दोनों युवक स्वां तट के पास बसे राई परिवार से हैं। वे स्वां तट में सब्जी उगाकर इन्हें बेचने का कारोबार कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। मृतक मोहम्मद हुसैन काफी निर्धन परिवार से संबंध रखता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। उधर, एसपी खुशहाल शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने टिप्पर चालक के खिलाफ धारा 279, 337, 304ए एवं 201 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts