नांदेड़ साहिब ट्रेन पर जनहित मोर्चा उग्र

ऊना। जनहित मोर्चा का कहना है कि केंद्र सरकार ने रेल विस्तार कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश को फिर से धोखा दिया है। रेल बजट की घोषणा को पलटने से मोर्चा उग्र हो गया है। ऊना जनहित मोर्चा ने कहा है कि रेल विभाग द्वारा ऊना से शुरू होने वाली नांदेड़ साहिब एक्सप्रेस रेलवे सेवा को ऊना से शुरू न करके नंगल से चलाने का समय तय कर हिमाचली हितों से कुठाराघात किया है। इस बारे में जनहित मोर्चा ने चार जुलाई को ऊना में रेलवे अधिकारियों के माध्यम से उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक को ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया है। जनहित मोर्चा के प्रवक्ता राजीव भनोट ने कहा कहा कि रेल मंत्री की बजटीय घोषणा को जिस प्रकार से तोड़ा मरोड़ा गया है, उससे साफ है कि रेल विभाग में ही हिमाचल के साथ धोखा करने वाले कुछ लोग बैठे हैं। इस मामले में सभी सांसदों को पत्र लिखे जा रहे हैं और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को भी पत्र भेजे जाएंगे ताकि हिमाचल का हक उसे मिल सके। वरना ‘रेल रोको हक लो’ की लड़ाई शुरू की जाएगी। ऊना से कैबिनेट मंत्री मुकेश अग्निहोत्री के समक्ष भी इस मसले को उठाया जाएगा। ऊना जनहित मोर्चा के चेयरमैन नवदीप कश्यप, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलविंद्र गोल्डी, शिव कुमार, महासचिव राज कुमार पठानिया, संजीव कुमार, चमन लाल चौधरी, नरेंद्र भनोट, पवन शर्मा, अश्वनी कुमार ने कहा कि हिमाचल के साथ हो रहे अन्याय को सहन नहीं किया जाएगा। जरूरी हुआ तो ऊना में रेल का चक्का जाम करने से वे परहेज नहीं करेंगे। रेल बजट में रेल मंत्री की घोषणा के उलट अब नांदेड़ साहिब ट्रेन ऊना से शुरू न होकर नंगल डैम से हजूर साहिब के लिए सप्ताह में एक बार चलेगी। रेलवे विभाग द्वारा पहली जुलाई को नई समयसारिणी में भी इसका शेड्यूल डाल दिया गया है। इसके अनुसार अब हर वीरवार को नंगल डैम रेलवे स्टेशन से नांदेड़ एक्सप्रेस दोपहर बाद 4.20 बजे हजूर साहिब नांदेड़ के लिए निकलेगी, जबकि रविवार को शाम को 8.25 बजे पर इसकी नंगल डैम रेलवे स्टेशन पर वापसी होगी।

Related posts