कुगश में देव आगमन के साथ मेला शुरू

आनी (कुल्लू)। कुंगश में बुधवार को तीन दिवसीय बीस आषाढ़ मेला शुरू हो गया। स्थानीय देवता पनेउई नाग और बिननी महादेव के आगमन के साथ शुरू हुए मेले में एसडीएम आनी नीरज गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि शरीक हुए। मुख्य अतिथि ने क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्राचीन मेले हमारी समृद्ध संस्कृति की पहचान हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी को प्रशासन की तरफ से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उद्घाटन अवसर पर स्थानीय स्कूलों के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इनमें नाटी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। इससे पहले मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं पंचायत प्रधान बिहारी लाल ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस बार लोगों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक संध्याएं भी आयोजित की जा रही हैं। इन संध्याओं में हिमाचली लोकगायक अपनी प्रस्तुतियों से ग्रामीणों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। इस अवसर पर कुंगश स्कूल के प्रधानाचार्य मनमोहन शर्मा, अनूप ठाकुर, सुरेश ठाकुर, शिवराम, किशोरी लाल, गंगा सिंह, मिंटू, राज ठाकुर, दिनेश कायथ, खूबराम, तेजराम सोनी, योगराज नेगी, मोहर सिंह, तरसेम, चिरंजी लाल आदि मौजूद रहे।

Related posts