
आनी (कुल्लू)। उपमंडल के बागवानों को सेब सीजन में किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए बुधवार को ट्रक यूनियन, सेब सप्लाई करने वाले एजेंट और प्रशासन की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि उपायुक्त कुल्लू सेब सीजन के लिए ट्रक के भाड़े की लिस्ट जारी करेंगे। इसके अलावा हर ट्रक चालक का फोटो लिया जाएगा। वहीं, ट्रक चालक किसी प्रकार की मनमानी न करे, इसके लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
इस मौके पर एसडीएम आनी ने कहा कि सेब सीजन के दौरान बागवानों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए आनी से विभिन्न मंडियों के लिए ट्रक भाड़ा तय किया जाएगा। बागवानों का कहना था कि सेब सीजन के मौके पर ट्रक नहीं मिल पाते हैं। इस पर ट्रक यूनियन आनी के प्रधान सुनील बिष्ट और निरमंड के प्रधान मेला राम ने भरोसा दिलाया कि इस तरह की कोई परेशानियां पेश नहीं आएंगी। एसडीएम आनी नीरज गुप्ता ने आदेश दिए कि आनी और निरमंड यूनियन से सेब लोड होकर जाने वाली हर गाड़ी के चालक का फोटो लिया जाएगा, जिससे बाहर से आए ट्रकों और चालकों की पहचान आसानी से हो सके। डीएसपी आनी प्रवीर ठाकुर ने कहा कि जिस तरह हर बार बागवानों की साल भर की मेहनत कई बार फर्जी नंबर या फर्जी दस्तावेज वाली गाड़ियों वाले सेब के ट्रक चालक बागवानों को लूट जाते हैं, ऐसी घटनाओं से बचने के लिए स्थान चिन्हित कर वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग निरमंड के एक्सईएन ने बैठक में कहा कि सेब सीजन शुरू होने से पहले क्षेत्र की सड़कों को सुधार लिया जाएगा।
