
नादौन (हमीरपुर)। नादौन पुलिस ने यातायात नियमों तथा धूम्रपान निषेध नियम को तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। नादौन पुलिस ने जून माह में यातायात नियमों की उल्लंघना करने पर 307 लोगों के चालान काटकर 1 लाख 6 हजार रुपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की है। 307 मामलों में दो पहिया वाहन चालक बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारियां बिठाने तथा ड्राइविंग लाइसेंस न होने, शराब पीकर वाहन चलाने, वाहन के कागजात न दिखा पाने के दोषी पाए गए हैं। धूम्रपान निषेध का उल्लंघन करने वाले 30 लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर सिगरेट-बीड़ी पीते पकड़े जाने के बाद 3750 रुपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गई है। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत अन्य 22 आपराधिक मामले जून माह में दर्ज किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक जगत राम चौहान ने कहा कि पुलिस यातायात नियमों की उल्लंघना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। लोगों से आह्वान किया कि यातायात नियमों का पालन करें और जुर्माने से बचें। दो पहिया वाहन चालकों को हिदायत दी कि वाहन चलाते समय हेल्मेट अवश्य लगाएं, दुर्घटना के समय बिना टैग के लगाया गया हेल्मेट उनकी जान की सुरक्षा के लिए नाकाफी है।
