सुलतानपुर वार्ड में पेयजल संकट

चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगते सुलतानपुर वार्ड में एकमाह से पानी की सप्लाई नहीं आ रही है। इस कारण स्थानीय वाशिंदों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी संजय कुमार, अरविंद कुमार, जितेंद्र मोहन, राजकुमार, मंजीत सिंह, लच्छो राम, रघुनाथ और ईश्वर सिंह ने बताया कि उनके मोहल्ला में एक माह से पानी की दिक्कत चल रही है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल 22 जून को संबंधित विभाग के अधिशासी अभियंता से मिला था। उन्होंने इस समस्या के बारे में उन्हें अवगत करवाया, लेकिन आज तक पानी की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इस कारण उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि विभाग की ओर से बिछाई गई नई पाइप लाइन से पानी की सप्लाई शुरू की जाए। इसके अलावा लोगों को सुबह और शाम निश्चित समय पर पानी छोड़ा जाए। इस संबंध में आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता आरसी क पूर ने बताया कि आज तक उन्हें ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम होने के कारण इन दिनों पानी की कोई समस्या नहीं हो सकती। इसके अलावा सुलतानपुर में विभाग की ओर से हैंडपंप भी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि फिर भी ऐसी समस्या आ रही है तो जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

Related posts