सनवाल डिपो से राशन गायब

तीसा (चंबा)। सनवाल पंचायत में दो माह से राशन कार्ड धारकों को राशन नहीं मिल रहा है। ग्रामीण हर रोज सस्ते राशन के डिपुओं के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें बिना राशन के ही वापस लौटना पड़ रहा है। इस कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जानकारी के मुताबिक इस डिपो के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से राशन की सप्लाई बंद कर दी गई है। इस कारण उपभोक्ताओं को सस्ते राशन की सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी शिव राम, कर्म दीन, डायजा राम, चतर सिंह, मोहन लाल, नूर मोहम्मद, मोहम्मद दीन, मुनियाद खान, फिंदरू, मौसम दीन, परस राम और हेम ने बताया कि राशन न मिलने के कारण उन्हें दुकान से महंगे दामों पर खाद्य वस्तुएं खरीदनी पड़ रही हैं। इस संबंध में डिपो होल्डर रसीद मोहम्मद ने बताया कि स्थानीय लोगों की शिकायत पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों की ओर से डिपो का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तमाम औपचारिकताएं पूरी पाई गईं। इसके बावजूद विभाग की ओर से राशन की सप्लाई बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दो दिन के भीतर राशन की सप्लाई नहीं दी गई तो वे राशनकार्ड धारकों को साथ लेकर उपायुक्त से मिलेंगे। इसके अलावा सनवाल में चक्का जाम कर देंगे। उधर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक अजय कौंडल ने बताया कि छानबीन के दौरान औपचारिकताएं पूरी पाई गई हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। इस बारे खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक आरके चड्ढा ने बताया कि राशन की सप्लाई भेजी जा रही है, लेकिन कु छ डिपो होल्डर ने राशन नहीं उठाया है। इस कारण डिपो में राशन नहीं पहुंचा है।

Related posts