
भल्याणी (कुल्लू)। कुल्लू शहर की स्वच्छता में सहयोग न करने वालों के खिलाफ नगर परिषद ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बार-बार आग्रह के बावजूद सीवरेज कनेक्शन न लेने वालों पर अब कार्रवाई होना तय है। शहर में ऐसे 1279 परिवारों को चिन्हित किया गया है जिन्होंने अभी तक सीवरेज कनेक्शन नहीं लिए हैं। इन परिवारों को जल्द ही नोटिस जारी होंगे। इसकी पुष्टि नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने की है।
हाईकोर्ट की कड़ी फटकार के बाद नगर परिषद कुल्लू अब सीवरेज कनेक्शन न लेने वाले लोगों के प्रति सख्त हो गया है। 11 वार्डों वाली नगर परिषद कुल्लू ने शहर में लोगों को चिन्हित कर उन्हें नोटिस देने की तैयारी कर ली है। नोटिस में 15 दिन का वक्त मिलेगा। इस अवधि के भीतर कनेक्शन न लेने वाले लोगों के बिजली और पानी के कनेक्शन काटने की बात भी कही है। कार्रवाई विद्युत बोर्ड तथा आईपीएच महकमे के सहयोग से होगी। ऋषभ कालिया ने बताया कि कोर्ट के सख्त आदेश मिले हैं और जल्द कार्रवाई करने को कहा है। संबंधित विभागों को पानी तथा बिजली का कनेक्शन काटने के लिए अधिकृत किया जाएगा।
जल्द लें सीवरेज के कनेक्शन
कोर्ट के आदेशों का पालन सख्ती से किया जाएगा। शहरवासियों से अपील की जाती है कि वह जल्द से जल्द सीवरेज कनेक्शन लें। अन्यथा विभाग सख्त रुख अपना कर ऐसे लोगाें के घरों की पानी की सप्लाई बंद कर देगा।
राकेश कुमार महाजन अधीक्षण अभियंता आईपीएच कुल्लू
नहीं माने तो करेंगे कार्रवाई
नगर परिषद का पूर्ण सहयोग किया जाएगा तथा कोर्ट के आदेशों की पालना की जाएगी। लोगोें को जल्द ही अपने घरों को सीवरेज सिस्टम से जोड़ने की सलाह दी है। ऐसा न करने पर बोर्ड विद्युत कनेक्शन काटने को विवश होगा।
प्रवेश ठाकुर अधीक्षण अभियंता बिजली बोर्ड कुल्लू
