
कुल्लू। सूत्रधार कला संगम ने 37वें वर्षगांठ के भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। 4 से 6 जुलाई तक चलने वाले इस तीन दिवसीय सालाना समारोह का शुभारंभ पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा करेंगे। पांच जुलाई को आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी मुख्यातिथि होंगे।
सांसद प्रतिभा सिंह छह जुलाई को समापन कर प्रतिभागियों को पुरस्कृत करेगी। यह जानकारी सूत्रधार कला संगम के अध्यक्ष दिनेश सेन ने यहां ढालपुर में पत्रकारवार्ता में दी। तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में जिला के 20 सरकारी और निजी स्कूलों के प्रतिभागी लेंगे। लोक नृत्य, समूह गान, नुक्कड़ नाटक, मूक अभिनय, लोकगीत, लोकनृत्य, समूह नृत्य फिल्मी एवं चित्रकला आदि स्पर्धा में करीब एक हजार स्कूली बच्चे भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतिदिन शाम पांच बजे से कलाकेंद्र में शुरू होंगे। चित्रकला प्रतिस्पर्धा पांच जुलाई को देवसदन में सुबह 10 बजे और नुक्कड़ नाटक दोपहर को ढालपुर के प्रदर्शनी मैदान में होंगे। सेन ने कहा कि उत्सव में कला संगम के डांस और नाटक की कक्षाओं के प्रशिक्षु छात्र भी अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। संस्था 36 सालों से लगातार कला संस्कृति का संरक्षण और संवर्द्धन करने में जुटी है। दिनेश सेन ने बताया कि उत्सव के तमाम विजेता प्रतिभागियों को अग्रणी संस्था कैरियर लांचर में प्रवेश लेने पर 50 प्रतिशत छात्रवृत्ति मिलेगी।
इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष यनिंद्र कपूर, उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, महासचिव सुंदर श्याम, सचिव मोनिका सागर, राजेश शानू, वित्त सचिव विजय गोयल, संगीत विभाग के अध्यक्ष प्रदीप कपूर, नाटक विभाग के अध्यक्ष अतुल गुप्ता और कार्यालय प्रबंधक जोगेंद्र सिंह मौजूद रहे।
