कालेज से तीन मोटरसाइकिल उड़ाईं

ऊना। हिमाचल पंजाब बार्डर पर स्थित भटोली कालेज से सोमवार सायं एक साथ तीन मोटरसाइकिल चोरी हो गईं। बताया जा रहा है कि उक्त तीनों बाइक्स कालेज में बीएड की परीक्षा देने आए प्रशिक्षुओं की हैं। वहीं मंगलवार को पुलिस ने चोरी हुई बाइक्स में से एक इसी क्षेत्र से बरामद कर ली है, जबकि इसे लेकर जा रहे उत्तर प्रदेश के निवासी एक युवक को भी हिरासत में ले लिया गया है। तीनों बाइक्स चोरी होने के संदर्भ में संतोषगढ़ पुलिस चौकी में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
पुलिस से जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के गाेंडा जिला निवासी युवक संतोष कुमार पुत्र रामलाल को मंगलवार हिमाचल पंजाब सीमा पर बसे अजौली मोड़ के पास स्थानीय लोगों की मदद से एक मोटरसाइकिल के साथ दबोचा गया है। सोमवार को ही भटौली कालेज में बीएड की परीक्षा के दौरान कालेज बाहर खड़े करीब तीन मोटरसाइकिलें चोरी होने की शिकायत संतोषगढ़ पुलिस चौकी में दर्ज करवाई गई थीं। मोटरसाइकिल मालिक ने अपने मोटरसाइकिल की पहचान पर उक्त युवक को अजौली मोड़ में पकड़ कर लिया और पुलिस को इसकी सूचना दे दी। पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस युवक को पहले भी चोरी के आरोप में पकड़ा गया था, लेकिन कुछ बरामद न होने के चलते उसे छोड़ दिया गया था। उन्होंने बताया कि सोमवार को कालेज के बाहर से चुराई गई मोटरसाइकिलों के आरोप में युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related posts