हमीरपुर अध्यक्ष के पर कतरे या मिलेगा ऊंचा ओहदा

हमीरपुर। यह हमीरपुर में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के पर कतरने की कवायद है या फिर उन्हें कोई बड़ी कुर्सी मिलने वाली है। जिला में कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अचानक हुई तैनाती ने सबको आश्चर्य चकित कर दिया है। नरेश ठाकुर को जिला कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष तैनात किया गया है जिसके पश्चात जिला कार्यकारिणी सहित ब्लाक कार्यकारिणियों से बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
अभी तक जिला कांग्रेस कमेटी की कमान सुनील शर्मा के हाथों में रही है। सुनील शर्मा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह के खास करीबी हैं तथा सुखविंद्र सिंह के प्रदेशाध्यक्ष बनने के पश्चात सुनील शर्मा की स्थिति मजबूत हुई थी लेकिन अचानक नई तैनाती ने हैरान कर दिया है।
हमीरपुर जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नरेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील शर्मा का सहयोग करने के लिए तैनात किया गया है तथा उनके साथ मिलकर संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे जिससे लोकसभा चुनावों में पार्टी को जीत दिलवाई जा सके। नियुक्ति के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया।

नरेश का परिचय
नरेश ठाकुर जिला हमीरपुर के सुजानपुर विस क्षेत्र के अंतर्गत झनियारा गांव से संबंधित हैं। नरेश ठाकुर पूर्व में एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष, युवा कांग्रेस राज्य इकाई में सचिव तथा महासचिव के पदों पर रह चुके हैं। इसके अलावा युवा कांग्रेस पंचायती राज प्रकोेष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी में सचिव पद पर कार्य कर चुके हैं। विभिन्न प्रदेशों में संगठनात्मक चुनावी प्रक्रिया के सहायक चुनाव अधिकारी की भूमिका भी निभा चुके हैं।

Related posts