
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल के तहत सिरहाली खड्ड में अवैध खनन काफी जोरों पर चल रहा है। सरकार ने सिरहाली खड्ड में खनन कार्य पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद खड्ड में बेरोकटोक खनन हो रहा है। खनन कार्य से मलकीयत भूमि में भी भूमि कटाव हो रहा है। ग्रामीणों ने खनन कार्य को रोकने की मांग की।
सिरहाली खड्ड से जुड़े गांवों मसलाना, दरकोटी, मसलाना खुर्द, गंदक, हरसौर, भालत, लोहाणी, सहित अन्य कई गांव हैं। खड्ड में कई मजदूर खनन करके ट्रैक्टर ट्रालियां भरने में लगे हुए हैं। ग्रामीणों राकेश कुमार, विजय कुमार, देश राज, रवि कुमार, प्रशोत्तम चंद, निक्का राम, जाति राम, प्रेम चंद, नरेश कुमार ने बताया कि सिरहाली खड्ड में अवैध खनन जोरों पर चला हुआ है। खड्ड में कई मजदूरों को खनन में लगे हुए देखा जा सकता है। प्रतिदिन कई ट्रैक्टर खड्ड से रेता, बजरी और पत्थर ढोने में लगे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि मजदूर खड्ड में तीन चार फुट खुदाई का खड्ड से रेता बजरी उठा रहे हैं। खड्ड के साथ लगती मलकीयत भूमि को भूमि को नुकसान पहुंच रहा है। भूमि कटाव से उनकी भूमि भी बह रही है। भूमि कटाव होने से मलकीयत भूमि खड्ड में बह रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि खड्ड में हो रहे खनन कार्य पर अंकुश लगाया जाए तथा खनन करने वाले मजदूरों, ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। एसडीएम बड़सर अक्षय सूद ने बताया कि सिरहाली खड्ड में खनन कार्य पर रोक लगाई गई है। अवैध खनन करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसा जाएगा।
