
सुजानपुर (हमीरपुर)। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित में डायरेक्टर के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है। हमीरपुर जोन से डायरेक्टर के चुनाव को लेकर गुप्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नपं अध्यक्ष के अलावा अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में कुछ लोगों ने चुनाव मैदान में उतरने की इच्छा जाहिर की।
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित के चुनाव सितंबर में आयोजित होंगे। जोनों से आए डायरेक्टर ही अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। वर्तमान में जगदीश सिपहिया अध्यक्ष पद पर तैनात हैं। हमीरपुर जोन से 159 कृषि सहकारी सभाएं हैं। सभा का चुना एक एक डेलीगेट होगा जो डायरेक्टर पद के चुनाव में भागीदार होगा। सभा से डेलीगेट बनाने की अधिसूचना जारी हो चुकी है। सितंबर माह में डायरेक्टर का चुनाव आयोजित होना है। चुनावों को लेकर अंदर खाते सरगर्मियां तेज हैं।
बैठक में बमसन के पूर्व विधायक, जिला सहकारी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष, नपं सुजानपुर अध्यक्ष, ब्लाक कांग्रेस महासचिव लबली ठाकुर आदि ने चुनावों को लेकर चर्चा की। सूत्रों के अनुसार पूर्व विधायक और नपं अध्यक्ष ने चुनाव मैदान में उतरने की इच्छा जाहिर की है। जबकि एक पूर्व जनरल मैनेजर भी हमीरपुर जोन से डायरेक्टर पद के चुनावों की दौड़ में हैं।
बैठक की पुष्टि करते हुए जिला सरकारी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुरेश चौहान ने माना कि पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया और नपं अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने चुनावों में उतरने की इच्छा जताई है। जबकि अंदर खाते और लोग भी डायरेक्टर पद की दौड़ में शामिल हैं।
