
कुल्लू। लोस चुनाव में मिली बढ़त से आनी कांग्रेस का कद बढ़ा है। विस चुनाव के मुकाबले आनी में कांग्रेस के जनाधार में भी वृद्धि हुई है। यह गवाही खुद लोस चुनाव में आनी से प्रतिभा सिंह को मिली बढ़त के आंकड़े दे रहे हैं। विधानसभा चुनाव में आनी विस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी खूबराम आनंद को मात्र 1466 मतों से जीत मिली थी। लेकिन मंडी लोस उपचुनाव में आनी कांग्रेस की जुटता रंग लाई है। प्रतिभा सिंह को रिकार्ड 10942 वोटों की बढ़त यहां से मिली है।
2009 के बाद इस बार भी आनी विस क्षेत्र से कांग्रेस को जिला कुल्लू से सबसे अधिक लीड मिली है। जानकार इसे जहां आनी कांग्रेस की एकजुटता का परिणाम मान रहे है वहीं विस चुनाव में कांग्रेस से बागी होकर चुनाव लड़ने वाले पूर्व विधायक ईश्वरदास का भी पार्टी को साथ मिला है। 2009 के लोकसभा चुनाव में कुल्लू जिला से कांग्रेस प्रत्याशी वीरभद्र सिंह को मात्र आनी विस क्षेत्र से करीब 6200 वोटों की बढ़त मिली थी। इस बार यह आंकड़ा 10942 तक पहुंच गया है। इस बार कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को जिला के सभी चारों विस क्षेत्रों से अच्छी-खासी बढ़त मिली है।
इसमें सदर कुल्लू से 10144, मनाली से 3738, बंजार से 8075 तथा आनी से 10942 मतों की लीड शामिल है। आनी के विधायक खूब राम आनंद, कांग्रेस के युवा नेता उपेंद्रकांत मिश्रा तथा आनी के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष सतपाल ठाकुर ने कहा कि आनी कांग्रेस के सभी नेता, पदाधिकारी तथा कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों की कड़ी मेहनत और कांग्रेस के छह माह के शानदार कार्यकाल का नतीजा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने जिला कांग्रेस को मिली करीब 32 हजार मतों की बढ़त सुखद है।
