तांदी डाइट पर प्रशिक्षुओं ने जड़ा ताला

केलांग। नाराज जेबीटी प्रशिक्षुओं ने लाहौल स्पीति के तांदी स्थित डाइट संस्थान पर ताला जड़ दिया है। साथ ही सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों को नहीं माना गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। दरअसल तांदी डाइट में कुछ अर्से से टीचरों के पद रिक्त पड़े हैं। यहां पर स्वीकृत 18 में से महज दो ही शिक्षक सेवाएं दे रहे हैं।
संस्थान में प्रधानाचार्य का पद भी रिक्त है। ऐसे में यहां प्रशिक्षण ले रहे जीबीटी प्रशिक्षुओं को बिना पढ़ाई के ही दिन गुजारने पड़ रहे हैं। टीचरों के पद खाली चलने से 7 प्रशिक्षुओं ने यहां से अपना माइग्रेशन भी करवा दिया है। 42 प्रशिक्षु अभी भी संस्थान में अध्ययनरत हैं। सोमवार को गुस्साए प्रशिक्षुओं ने संस्थान के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया है। प्रशिक्षुओं की मांग है कि संस्थान में जल्द से जल्द टीचरों की तैनाती की जाए। प्रशिक्षुओं ने एक सप्ताह तक संस्थान को बंद रखने का ऐलान किया है। ऐसे में यहां तैनात कुछ अध्यापक और अन्य स्टाफ भी सोमवार को संस्थान के अंदर नहीं जा सके। जीबीटी प्रशिक्षु संघ के अध्यक्ष सुरेश और प्रेस सचिव निशा शर्मा का कहना है बिना टीचिंग स्टाफ के संस्थान में पढ़ाई का काम ठप है।
लाहौल पंचायत प्रधान संघ के पूर्व अध्यक्ष एंव तांदी के प्रधान सुरेश कुमार ने कहा कि सरकार एक सप्ताह के भीतर संस्थान में टीचरों की तैनाती नहीं करती है, तो ऐसे में ग्रामीणों को मजबूर प्रशिक्षुओं के साथ आंदोलन में उतरना पडे़गा। घटना की जानकारी मिलते ही डीसी वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में एलीमेंटरी निदेशक शिक्षा से दूरभाष पर बात की है। संस्थान के कार्यकारी प्रभारी प्रताप ने बताया कि डाइट में स्वीकृत 18 पदों में से 16 टीचरों के पद खाली चल रहे हैं। एलीमेंटरी शिक्षा के संयुक्त निदेशक एमएल आजाद ने इस पर कुछ भी टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।

Related posts