
बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र के कैहलवीं में सुपरहाईवे पर देर रात निगम की बस में सफर कर रहे यात्रियों ने हंगामा कर दिया। यात्रियों के हंगामे का मुख्य कारण बस को चला रहा नशेड़ी चालक और उसमें सवार परिचालक थे। जब रविवार देर रात कालका से सुजानपुर जा रही एचआरटीसी बस कैहलवीं पहुंची तो यात्रियों ने बस रुकवा दी। इसके बाद सभी यात्री बस से उतर गए। यात्रियों ने आरोप जड़ा कि चालक और परिचालक सवारियों से अभद्र व्यवहार भी कर रहे थे। रविवार देर रात कालका-सुजानपुर बस को अचानक बस में सफर कर रहे यात्रियों ने उपमंडल बंगाणा के गांव कैहलवीं सुपर हाईवे के पास जैसे रुकवा दिया तो हंगामे का शोर सुनकर लोग भी वहां आए। बस चालक व परिचालक दोनों शराब के नशे में धुत थे। यदि यात्रियों ने बस चालक और परिचालक के नशे में होेने का विरोध नहीं किया होता तो कुछ भी हो सकता था। बस में सवार किसी व्यक्ति ने तुरंत एचआरटीसी ऊना के क्षेत्रीय प्रबंधक अनूप राणा को फोन कर इस सारी घटना की जानकारी दे दी। राणा तुरंत अपने साथ एक चालक व परिचालक लेकर मौके पर पहुंचे। नशेड़ी चालक और परिचालक को बस से उतारकर अन्य चालक और परिचालक को बस लेकर आगे भेजा। मौके पर टीम लेकर पहुंचे बंगाणा पुलिस थाना के एएसआई मेहरद्दीन ने बताया कि नशेड़ी चालक व परिचालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अनूप राणा ने बताया कि नशे में पाए गए बस चालक तथा परिचालक का मेडिकल करवा दिया गया है। रिपोर्ट आते ही उन पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
