बसाल में युवक ने खाया जहर, मौत

ऊना। क्षेत्र के बसाल में एक 19 वर्षीय युवक ने कीटनाशक दवा निगल ली। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ले आए, जहां युवक की मौत हो गई।
युवक के जहरीला पदार्थ निगलने के पीछे एक जमीनी विवाद को मुख्य कारण बताया गया है। युवक और उसके परिजनों के साथ नियमित रूप से हो रहे लड़ाई झगड़ों और उस पर लगाए जा रहे बेहद गंभीर आरोपों के कारण उसने यह कदम उठाया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में मृतक युवक के पड़ोस में रहने वाली दो महिलाओं के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं सोमवार को युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है, जबकि पुलिस ने घटना की छानबीन आरंभ कर दी है। 19 वर्षीय शिव कुमार पुत्र ब्रह्मदास निवासी बसाल ने रविवार देर सायं जहरीला कीटनाशक निगल लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। युवक के परिजन उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले आए, जहां शरीर में जहर के फैल जाने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस को दिए बयान में युवक के परिजनों ने बताया कि उनका अपने ही पड़ोसियों के साथ जमीन को लेकर विवाद था। इसके कारण पड़ोसी उनके साथ नियमित रूप से लड़ाई झगड़ा करते थे, जबकि उनके पुत्र पर भी बेहद गंभीर आरोप लगाते थे। इसी के चलते वह काफी तनाव की स्थिति में पहुंच गया था। उन्होंने बताया कि शिव कुमार के साथ रविवार देर सायं भी ऐसी ही हुआ। इसके चलते उसने कीटनाशक निगल कर अपनी जान दे दी। एसपी केसी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में बसाल निवासी दो महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जबकि मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है।

Related posts