
ऊना। जिला ऊना में हाल ही में हुई बारिश के कारण 71.72 करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। इस बारे में जिला प्रशासन की ओर से प्रदेश सरकार को रिपोर्ट भेज दी गई है। यह आकलन 15 जून से 30 जून तक की अवधि में हुई बारिश को लेकर विभिन्न विभागों से एकत्रित जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें किसी मानवीय क्षति का उल्लेख नहीं है।
डीसी अभिषेक जैन ने बताया कि इस अवधि में बारिश से जिले में सड़कों एवं पुलों को 52.25 करोड़, जलापूर्ति योजनाओं को 15 करोड़, शैक्षणिक संस्थानों को 1.70 करोड़ और राजस्व विभाग की विभिन्न संपत्तियों को 55 लाख का नुकसान हुआ है। इसके अलावा जिले में 250 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल खराब होने से एक करोड़ रुपये और 211 घरों के पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने पर एक करोड़ दो लाख रुपये के शुरुआती नुकसान का आकलन किया गया है। डीसी ने बताया कि इन बारिशों से जिले के 150 गांव प्रभावित हुए हैं और 144 पशुशालाएं पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं और 20 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है।
डीसी ने बताया कि सभी पटवारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रभावित लोगों के घरों तक जाकर डैमेज रिपोर्ट तैयार करके भिजवाएं ताकि उन्हें तुरंत राहत राशि रिलीज की जा सके। डीसी ने सभी उपमंडल अधिकारियोें को अगले तीन दिन के भीतर उपमंडल स्तर पर आपदा प्रबंधन की बैठक आयोजित करने और उपमंडल स्तर की एजेंसियों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में इमरजेंसी आपरेशन सेंटर भी शीघ्र स्थापित किया जा रहा है।
