
गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के संघनेई में जमीनी विवाद के चलते दो गुटों में भिड़ंत हो गई। वारदात में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार एवं मेडिकल के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले के संदर्भ में क्रास एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज रानी पत्नी शिव कुमार निवासी संघनेई ने शिकायत दर्ज करवाई कि जब वह अपनी निजी काम से जा रही थी कि उनके गांव के रणजीत कुमार, राज कुमार व अरुण ने उसका रास्ता रोककर उससे भूमि विवाद पर गाली-गलौच करनी शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उक्त सभी ने उस पर हमला बोल दिया, जिसमें उसे चोटें आई हैं। उधर, रणजीत निवासी संघनेई ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि जमीनी विवाद के कारण राज रानी, बलदीप ने उसके साथ मारपीट एवं गाली गलौच की।, जिसमें उसे गंभीर चोटें हैं। उधर, एसपी खुशहाल शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि संघनेई में जमीनी विवाद को लेकर दो गुटों में मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर विभिन्न धाराओं के तहत क्रास एफआईआर दर्ज कर ली है।
