
कुल्लू। आठ माह पूर्व हुए विस चुनावों में आनी से कांग्रेस प्रत्याशी खूब राम आनंद ने भाजपा प्रत्याशी किशोरी लाल को मात्र 1466 मतों से हराया था, लेकिन मंडी लोस उपचुनाव में आनी कांग्रेस की एकजुटता रंग लाई है और प्रतिभा सिंह को रिकार्ड 10,945 वोटों की बढ़त मिली है। 2009 के बाद इस बार भी जिला कुल्लू में आनी विस पहले फायदान पर रहा है। जानकार इसे आनी कांग्रेस की एकजुटता का परिणाम मान रहे हैं। इसके अलावा विस चुनावाें में कांग्रेस से बागी होकर चुनाव लड़ने वाले पूर्व विधायक ईश्वरदास ने भी पार्टी केे लिए खूब पसीना बहाया है। 2009 के लोकसभा चुनावोें में कांग्रेस प्रत्याशी वीरभद्र सिंह को मात्र आनी विस क्षेत्र के करीब 6200 की बढ़त मिली थी, इस बार यह आंकड़ा 10945 तक पहुंचा है। भले ही इस बार कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को जिला के सभी चारों विस क्षेत्रों से अच्छी-खासी बढ़त मिली है। इसमें सदर कुल्लू से 10144, मनाली से 3738, बंजार से 8075 और आनी से 10,945 मतों की लीड शामिल है। आनी के विधायक खूब राम आनंद, कांग्रेस के युवा नेता उपेंद्र कांत मिश्रा और आनी के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष सतपाल ठाकुर ने कहा कि आनी कांग्रेस के सभी नेता, पदाधिकारियों और कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों की कड़ी मेहनत और कांग्रेस के छह माह के शानदार कार्यकाल का नतीजा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने जिला कुल्लू से कांग्रेस को मिली करीब 32 हजार मतों की बढ़त को सुखद बताया।
